बलौदाबाजार. जिले की शासकीय शराब दुकानों में ओव्हर रेट में शराब बिक्री की शिकायतें रुकने का नाम नहीं ले रही है. हाल ही में कलेक्टर ने ओव्हर रेट में शराब बिक्री को रोकने अनुविभागीय अधिकारियों को निरीक्षण करते रहने का जिम्मा दिया है फिर भी ओव्हर रेट में शराब बिक्री बंद नहीं हो रही है. गांवों में जगह-जगह कच्ची महुआ शराब बिक्री की बाढ़ सी आ गई है. इससे कसडोल अंचल भी अछूता नहीं है. यहां के प्रायः सभी गांवों में एक-एक गलियों में कई-कई लोग अवैध रूप से शराब बिक्री के गोरख धंधे में लगे हैं.
https://पहले दिन स्टंप्स तक भारत 258/4, शुभमन-श्रेयस-जडेजा का अर्धशतक
जिन पर आबकारी और पुलिस विभाग का कोई खौफ नजर नहीं आता. शराब की सुलभता से शराबियों को आसानी से शराब मिल जाती है जिससे गलियों की शांति भंग होती है. ऐसी स्थिति से प्रायः कोई गांव अछूता नहीं है. पुलिस व आबकारी द्वारा कभी कभार मामला बनाकर खानापूर्ति की जाती है. यदि दोनों विभाग ईमानदारी से अपना कर्तव्य निभाए तो कोई भी शराब कोचिया साहस नहीं करेगा. किन्तु दुर्भाग्य है कि ऐसा नहीं हो रहा है जिससे गांवों की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है. कसडोल आबकारी उप निरीक्षक सुकांत पाण्डेय ने अपनी आदत के अनुरूप एक बार फिर से मोबाइल रिसीव नहीं किया.
https://मवेशी काटते वीडियो वायरल, मामूली कार्रवाई के विरोध में बसना बंद
कसडोल थाना प्रभारी आशीष सिंह राजपूत ने कहा कि अवैध शराब बिक्री की जैसी-जैसी सूचना मिल रही है लगातार कार्रवाई की जा रही है. आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाती रहेगी. जिला आबकारी अधिकारी बलौदाबाजार आशीष कोसम ने कहा कि वर्तमान में अवैध शराब पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, बड़ी मात्रा में शराब की जब्ती भी हुई है जिसकी जानकारी प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी जाएगी. बहुत जल्दी बड़ी कार्रवाई और होने वाली है. अभी तक स्टाफ की कमी थी, किन्तु कलेक्टर महोदय ने जवानों की व्यवस्था की है जिससे आने वाले दिनों में विभाग को अधिक सफलता मिलेगी.







