इमरान खान
बिलाईगढ़. शिवरीनारायण थाने में पदस्थ दो आरक्षकों को अवैध वसूली करने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार शिवरीनारायण थाने में पदस्थ जनकराम कश्यप और पतिराम यादव दोनों आरक्षक 112 की टीम में तैनात हैं. दोनों आरक्षक ड्यूटी खत्म कर सुबह 5 बजे अपने थाना क्षेत्र छोड़कर बलौदाबाजार जिले के बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के टुण्डरी में अवैध वसूली करने गए थे. आरक्षकों ने सारंगढ़-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग में जा रहे नरेश कुम्भकार व महेश महानन्दा को गांजा की तस्करी करते हो कह कर पकड़ा और उनसे 2 लाख रुपए की मांग की. जब दोनों ने राशि न होने की जानकारी दी तो आरक्षकों ने डराना धमकाना शुरू कर दिया.
http://केन्द्र सरकार के नए कृषि कानूनों से छत्तीसगढ़ के लोगों की हितों की रक्षा के लिए बनेगा नया कानून
आरक्षकों के कहने पर नरेश कुम्भकार ने अपने फोन से अपने रिश्तेदार महासमुंद निवासी रामकुमार तांडी को फोन लगाया और 2 लाख रुपए आरक्षकों द्वारा की गई मांग की जानकारी दी. रिश्तेदारों को झूठे केस में फंसाने व 2 लाख रुपए की मांग किए जाने की जानकारी रामकुमार तांडी ने बिलाईगढ़ पुलिस को दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु डीएसपी तरेश साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरक्षकों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध आईपीसी की धारा 384 के तहत मामला पंजीबद्ध किया है. बताया जा रहा है कि दोनों आरक्षकों के साथ तीन स्थानीय ग्रामीण भी इस मामले में शामिल हैं. इन्हें भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बिलाईगढ़ पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.







