रायपुर. कोरोना वायरस ने अब मुख्यमंत्री निवास में दस्तक दे दी है. मुख्यमंत्री निवास में तैनात एक सुरक्षाकर्मी कोरोना संक्रमित मिला है. जानकारी के मुताबिक जो सुरक्षाकर्मी संक्रमित मिला है, उसकी ड्यूटी पश्चिमी द्वार पर थी. सुरक्षाकर्मी के संपर्क में सीधे तौर पर आए लोगों की पहचान की जा रही है. वहीं मुख्यमंत्री निवास को सैनिटाइज करने का काम शुरू कर दिया गया है. मुख्यमंत्री निवास में कोरोना संक्रमण के मद्देनज़र सुरक्षा और बढ़ा दी गई है. इधर, मेकाहारा कोविड-19 अस्पताल में ड्यूटी कर रहे दो डॉक्टरों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. डॉक्टरों को संक्रमण किससे हुआ इसकी जानकारी के साथ ही संपर्क में आए लोगों के बारे में पता लगाया जा रहा है. दूसरी ओर जिला चिकित्सा कार्यालय (सीएमएचओ) के डॉटा एंट्री ऑपरेटर भी पॉजिटिव मिला है. कर्मचारी को संक्रमण कहां से हुआ है इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है.
http://हिना खान ने गाया सुशांत की फिल्म का गाना, वायरल हो रहा वीडियो
मुख्यमंत्री ने नवा छत्तीसगढ़ सदन का किया ऑनलाइन शिलान्यास
रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय से नई दिल्ली स्थित द्वारका में बनने वाले नवा छत्तीसगढ़ सदन का ऑनलाइन शिलान्यास किया. नवा छत्तीसगढ़ सदन का निर्माण नई दिल्ली के सेक्टर-13 द्वारका में 60 करोड़ 42 लाख रुपए की लागत से कराया जाएगा. इस सदन के निर्माण के लिए 43 हजार 803 वर्गफीट भूमि 22.50 करोड़ रुपए में क्रय की गई है. नवा छत्तीसगढ़ सदन में 10 स्यूट रूम, 67 कमरे, डायनिंग हॉल एंड वेटिंग सहित मीटिंग हॉल और कर्मचारियों के लिए आवासीय टावर का निर्माण किया जाएगा. इस अवसर पर गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, मुख्य सचिव आर.पी. मंडल, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री सुब्रत साहू, प्रमुख सचिव वन मनोज पिंगुआ, सचिव लोक निर्माण विभाग सिद्धार्थ कोमल परदेशी, सचिव पर्यटन पी. अंबलगन, प्रधान मुख्य वन संरक्षक राकेश चतुर्वेदी, मुख्यमंत्री सचिवालय में उप सचिव सौम्या चौरसिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे.
http://राहुल का केंद्र पर निशाना- चीन ने प्लान कर किया हमला, सरकार सोती रही







