महासमुंद. शिकार के लिए बिछाए गए विद्युत तार में फंसकर करंट से एक चीतल की मौत हो गई. घटनास्थल से वन विभाग ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है वहीं चार आरोपी मौके से फरार हो गए. मामले में वन्यप्राणी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है. वन परिक्षेत्र अधिकारी जयकांत गंडेचा ने बताया कि घटना बागबाहरा वन परिक्षेत्र के आमानारा के कक्ष क्रमांक 190 की है. पठारीमुड़ा ग्राम के कुछ लोगों ने हिरण का शिकार करने विद्युत पोल से तार जोड़कर करीब एक किलोमीटर के दायरे में करंट प्रवाहित तार बिछा रखी थी और शिकार फंसने का इंतजार कर रहे थे.
http://नौतपा में आग उगलेगा सूरज, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
रात करीब साढ़े 8 बजे जंगल में विचरण करते हुए एक नर चीतल इसमें फंस गया और करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही वन अमला मौके पर पहुंचा और आरोपी पठारीमुड़ा निवासी हरेकान पिता हरउ कमार (62) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया वहीं चार आरोपी मौके से फरार हो गए. खबर लिखे जाने तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी. मामले में आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम की धारा 9 की धारा 35 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जाएगा. गंडेचा ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों की गश्ती में लगे वन अमले को विद्युत पोल की बिजली बंद होने और चीतल के करंट लगने बाद आई आवाज से बड़ी घटना की आशंका हुई. क्षेत्र में सर्चिंग की गई तो चीतल मृत मिला.
http://हॉकी लीजेंड बलबीर सिंह सीनियर का 96 साल की उम्र में निधन







