रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज पेण्ड्रा रोड के गुरूकुल क्रीड़ा परिसर में प्रदेश के नवगठित 28वें जिले ‘गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही‘ का उद्घाटन किया. इसके साथ ही इस क्षेत्र के लोगों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो गई. मुख्यमंत्री ने ‘गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही‘ जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का लोकार्पण किया. श्री बघेल ने कार्यक्रम में गौरेला के टीकर में आदिम जाति कल्याण विभाग के नवनिर्मित 500 सीटर छात्रावास भवन का लोकार्पण किया. इस भवन का निर्माण 14 करोड़ 97 लाख रुपए की लागत से किया गया है. उन्होने गौरेला-केंवची मार्ग पर 3 करोड़ 48 लाख रुपए की लागत से बनने वाले दो उच्चस्तरीय पुलों का भूमि-पूजन किया.
http://नक्सलियों से मुठभेड़ में 2 जवान शहीद, एक नक्सली भी ढेर
इस मार्ग पर वर्तमान में निर्मित पुल सोकछार जलाशय के डुबान क्षेत्र में आने के कारण वर्षा ऋतु में यातायात अवरूद्ध हो जाता है. नए पुलों के निर्माण से क्षेत्रवासियों की इस समस्या का समाधान हो सकेगा. नवगठित जिले में तीन तहसील तथा तीन विकासखण्ड गौरेला, पेण्ड्रा और मरवाही शामिल हैं. जिनमें कुल 166 ग्राम पंचायतें, 222 गांव और 2 नगर पंचायत गौरेला और पेण्ड्रा समाहित हैं. इस जिले का क्षेत्रफल 1 लाख 68 हजार 225 हेक्टेयर हैं. इस जिले में कुल सिंचित रकबा 6290 हेक्टेयर और कुल असिंचित रकबा 64 हजार 352 हेक्टेयर हैं. इस नवगठित जिले में मरवाही विधानसभा के 200 गांव और कोटा विधानसभा के 25 गांव, कोरबा लोकसभा क्षेत्र के 200 गांव और बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के 25 गांव समाहित हैं. मुख्यमंत्री के गुरूकुल परिसर पेण्ड्रा रोड पहुंचने पर नागरिकों द्वारा भव्य स्वागत किया गया. शुभारंभ अवसर पर नर्तक दलों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया.
http://एकतरफा प्यार में जिंदा जलाई गई महिला टीचर की इलाज के दौरान मौत







