रायपुर. ट्रफ और चक्रवात की वजह से अगले 24 घंटे में अच्छी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार अभी एक ट्रफ और एक चक्रवात बन रहा है. एक मानसून ट्रफ दक्षिणी पाकिस्तान, अहमदाबाद, गुना, जबलपुर, पेंड्रा रोड, झारसुगुड़ा, गोपालपुर होते हुए बंगाली खाड़ी तक फैला है. यह 1.5 किमी ऊंचाई तक फैला हुआ है. वहीं दूसरी तरफ एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा उत्तर पश्चिम तथा पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी, दक्षिण ओडिशा, उत्तर आंध्र प्रदेश के ऊपर 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला है. इसकी वजह से रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, जीपीएम और जांजगीर-चांपा सहित राज्य के कई जिलों में आगामी 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश की संभावना है.
https://हरेली तिहार के दिन स्कूलों में आयोजित होगी गेड़ी नृत्य और गेड़ी प्रतियोगिता
मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम को देखते हुए आगामी 24 घंटे के लिए दुर्ग संभाग के अंतर्गत आने वाले पांचों जिलों दुर्ग, बालोद, कवर्धा, बेमेतरा और राजनांदगांव के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा बनाए गए राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष द्वारा संकलित जानकारी के मुताबिक एक जून 2022 से अब तक राज्य में 230.2 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है. राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून से आठ जुलाई तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 429.1 मिमी और बलरामपुर जिले में सबसे कम 113.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है.
https://महासमुंद, कोरबा समेत कई जिलों के एसपी बदले







