बागबाहरा. भारतीय दूरसंचार विभाग द्वारा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर नेट सुविधा उपलब्ध कराने ऑप्टिकल फाइबर का जाल बिछाया जा रहा है. इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई करने में सुविधा हो प्रतिदिन 30 जीबी नेट पैक मुफ्त दिया जाएगा. जनपद अध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर ने बताया कि भारत नेट परियोजना का उद्देश्य ऑप्टिकल फाइबर के माध्यम से भारतीय गाँवों को उच्च गति ब्रॉडबैंड कनेक्शन से जोड़ना है. प्रथम चरण में अंडरग्राउंड ऑप्टिक फाइबर केबल लाइनों के माध्यम से ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी को एक लाख ग्राम पंचायतों तक उपलब्ध कराया गया है. इसी कड़ी में बागबाहरा के 96 ग्राम पंचायतों मे यह काम किया जा रहा है. भारत नेट परियोजना का महत्व भारत नेट परियोजना विश्व की सबसे बड़ी ग्रामीण ब्रॉडबैंड संपर्क परियोजना है.
इस परियोजना को ‘मेक इन इंडिया’ के तहत कार्यान्वित किया जा रहा है अतः देश में ही रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे. इस प्रोजेक्ट के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में संचरण सुविधा बिना किसी नेटवर्क बाधा के उपलब्ध कराई जा रही है. परियोजना में राज्य और निजी क्षेत्रों के साथ साझेदारी करके अब ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में लोगों को सस्ती ब्रॉडबैंड सेवाएं प्राप्त हो सकेंगी. श्रीमती चंद्राकर ने कहा कि प्रथम चरण पश्चात बचे अन्य 15 पंचायतों में भी इस योजना को लागू किया जाएगा ताकि ब्लॉक के सुदूर गांव में रहकर पढ़ाई करने वाले सभी विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सकेगा चूंकि कोरोना संक्रमण के चलते हमारे सभी विद्यार्थियों का दो वर्ष की पढ़ाई पूरी तरह से चरमरा गई है. इससे निजात दिलाने भारत सरकार ने प्रत्येक गांव को ब्राडबैंड से जोड़ने इस परियोजना को लागू किया है यह पूरी तरह से मुफ्त सेवा है.







