कांकेर. संजय नगर वॉर्ड के पोलिंग बूथ में मतदाताओं को रिझाने का प्रयास कर रहे भाजपा प्रत्याशी के देवर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि भाजपा के प्रत्याशी के रिश्तेदार वोटर को पैसों का लालच देकर अपने पक्ष में मतदान करवा रहे हैं. पुलिस मौके पर पहुंची तो मो. शकील नाम के युवक पकड़ा गया. शकील भाजपा प्रत्याशी रबिया मेमन का देवर बताया जा रहा है. आरोपी को पकड़कर पुलिस पूछताछ कर रही है. जानकारी के मुताबिक शकील 50 रुपए के नकली नोट लेकर घूम रहा था. वोटरों को यह नोट दिए जा रहे थे.
http://भाजपा सांसद गौतम गंभीर को मिली जान से मारने की धमकी
दूसरी जगह पर यही नोट दिखाने पर वोटर को 2000 रुपए तक दिए जा रहे थे. इसके बदले में वोटर को भाजपा के पक्ष में वोट करने को कहा जा रहा था. शकील के पास से 50-50 रुपए के 15 नकली नोट भी बरामद किए गए हैं. इस घटना के बाद प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि भाजपा का लोकतंत्र विरोधी चेहरा बेनकाब हुआ है. कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से कड़ी कार्यवाही की मांग की है. उन्होंने कहा कि राज्य में अन्य कई स्थानों से भी भाजपा द्वारा शराब और पैसे बांट कर खरीद-फरोख्त की शिकायत मिल रही है. नगरी निकाय चुनाव में भाजपा हार से बौखला कर अब खरीद-फरोख्त और आपराधिक कृत्यों पर उतर आई है.
http://धान खरीदी में अनियमितता, समिति प्रबंधक के विरूद्ध एफआईआर







