खरसिया. सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने पहले एटीएम का ताला तोड़ा और उसके बाद बेखौफ होकर थोक दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए एवं सामान पार कर दिए. ऐसे में चोरों को खरसिया पुलिस का खौफ ना होना तथा पुलिस पेट्रोलिंग दोनों पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं. बीती रात चंदनताल रोड पोस्ट ऑफिस के पीछे स्थित यूनियन बैंक के एटीएम का ताला तोड़ने का दुस्साहस अज्ञात चोरों ने किया. इतना ही नहीं चोरों ने सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त भी कर दिया. हालांकि एटीएम से राशि ले जाने में नाकाम रहे. वहीं मुक्तिधाम के सामने स्थित शीतल सेल्स में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया. थोक दुकान के संचालक मुकेश मित्तल ने बताया कि अज्ञात चोरों ने नगद रखे लगभग 3 लाख एवं करीब 2 लाख का सामान चुरा लिया है.
http://पीएम मोदी बोले- कोरोना वायरस से घबराने की जरूरत नहीं, बताए बचाव के ये उपाय
सीसीटीवी फुटेज में दो चोरों द्वारा कांधे पर गैती लिए आना और घटना को अंजाम देकर लौटना साफ तौर पर देखा जा रहा है. सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन सतर्क हो घटनास्थल पर पहुंचा. स्थल का मुआयना करने के बाद रायगढ़ से खोजी कुत्ता बुलाया गया. शीतल सेल्स से निकलकर स्नाइपर डॉग सूंघते-सूंघते यूनियन बैंक के एटीएम तक पहुंचा और जाकर वहां बैठ गया. हालांकि इसके पूर्व ही बैंक स्टाफ द्वारा एटीएम का ताला तोड़ने की सूचना पुलिस को दे दी गई थी. ऐसे में एटीएम सुरक्षा गार्ड तथा पुलिस पेट्रोलिंग की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. यहां उल्लेखनीय होगा कि यूनियन बैंक में इससे पूर्व भी चोरी की घटना को अंजाम दिया जा चुका है, जिसका अभी तक कोई अता-पता पुलिस नहीं लगा पाई. बैंक के पास दिनभर दिहाड़ी मजदूर, मालवाहक गाड़ी चालकों का जमघट लगा रहता है. वहीं स्नाइपर डॉग ने अब तक नगर में हुई किसी भी चोरी को अंजाम तक ना पहुंचाने का एक इतिहास भी बनाया हुआ है. एसडीओपी पीताम्बर पटेल ने कहा कि चोरी की वारदात को गंभीरता से लिया जा रहा है. वहीं घटनास्थल तथा रास्तों के प्रमुख सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से चोरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
http://सोशल मीडिया नहीं छोड़ रहे पीएम मोदी, ट्वीट कर दी ये जानकारी







