महासमुंद/भंवरपुर. विवाहिता पुत्री को प्रताड़ित कर ससुराल में आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में न्याय पाने के लिए वृद्ध पिता दर-दर भटक रहा है. थाना प्रभारी बसना को 8 अगस्त 2020 को किए गए शिकायत में ग्राम कुम्हारी निवासी खीरसाय पटेल ने बताया है कि उसकी पुत्री मीना पटेल उर्फ नेहा का विवाह वर्ष 2014 में ग्राम पिरदा तहसील पिथौरा निवासी नरेश पटेल पिता शत्रुघन पटेल से सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार अपनी क्षमता अनुसार उपहार भेंट देकर विदा किया था. विवाह के पश्चात मीना पटेल 1 वर्ष तक अपने ससुराल ग्राम पिरदा में ठीक-ठाक रही, बाद उसके सास, ससुर शत्रुघन एवं पति नरेश द्वारा मीना उर्फ नेहा को दहेज में कम सामान लाने और अच्छा गुणवत्तापूर्ण सामान नहीं लाने तथा मायके के जमीन जायदाद में बंटवारा लाने के लिए प्रताड़ित किया जाता था.
मीना के पिता खीरसाय ने बताया कि उसकी पुत्री द्वारा ससुराल में प्रताड़ित होने की जानकारी जब मायके में दी मायके वालों ने उसके ससुराल जाकर समझाइश देकर आए थे. कुछ दिन बाद फिर से मीना को उसके ससुराल में और भी ज्यादा प्रताड़ित किया जाने लगा. इस बीच प्रताड़ना से तंग आकर मीना अपने मायके ग्राम कुम्हारी आकर अपने पिता के साथ रहने लगी. इसी दरमियान उसका पति नरेश पटेल ग्राम कुम्हारी आकर अपने ससुर खीरसाय पटेल को दो-तीन थप्पड़ जड़ दिया और चला गया. इसकी शिकायत आरक्षी केंद्र बसना में मीना के पिता ने की थी. शिकायत की जांच करने पुलिस मीना के पति नरेश के घर पिरदा पहुंची जिसके बाद मीना के पति गांव के प्रमुख लोगों को लेकर ग्राम कुम्हारी आया और समझौता किए. समझौता के बाद उनके गांव वालों और रिश्तेदारों के कहने से खीरसाय ने अपनी पुत्री मीना को उसकी सहमति से उसके ससुराल भेज दिया. शिकायत में आगे बताया गया है कि 3 अगस्त को रक्षाबंधन के समय राखी बांधने के लिए मीना अपने पति के साथ मायके पहुंची थी यहां मीना के पति नरेश पटेल वापस उसी दिन घर चला गया और कहा कि मीना को दो-तीन दिन रखने के बाद पहुंचा देना. बाद उसके भाई ने 5 अगस्त की शाम को मीना को उसके ससुराल पिरदा पहुंचा दिया.
http://निजी चिकित्सक धड़ल्ले से कर रहे हाई डोज एंटीबायोटिक का उपयोग, कूड़ेदान में मिली खाली शीशियां
मीना के पिता खीरसाय पटेल ने थाना प्रभारी बसना को दिए आवेदन में बताया है कि मीना की एक पुत्री दीक्षा पटेल भी है जिसका जन्म वर्ष 2016 में हुआ है. एक पुत्री होने के बाद मीना जैसे-तैसे कर अपने ससुराल में रह रही थी, किंतु उसके साथ सास, ससुर और पति द्वारा आए दिन मारपीट कर मायके से बंटवारा लाने का दबाव बना रहे थे. खीरसाय पटेल का आरोप है कि उसके ससुराल वालों द्वारा उसे आत्महत्या के लिए प्रेरित किया गया है. सात अगस्त को दिन में लगभग 11 बजे खीरसाय पटेल को फोन करके उनके रिश्तेदार दिनेश पटेल निवासी ग्राम इच्छापुर ने फोनकर बताया कि उसकी पुत्री मीना पटेल ने दवाई पी लिया है जिसे जगदीशपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है तथा डॉक्टर इसे रायपुर रेफर करने बोल रहे हैं.
खीरसाय का आरोप है कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी मेरी पुत्री के सास, ससुर या पति द्वारा कोई सूचना नहीं दी गई और रिश्तेदारों के माध्यम से जानकारी मिली जिसके बाद खीरसाय अपनी पत्नी गजमोती एवं पुत्र के साथ जगदीशपुर अस्पताल गया. वहां मीना ने अपनी मां गजमोती को बताया कि उसके पति एवं सास-ससुर मिलकर चप्पल, बेलन आदि से उसके साथ सुबह मारपीट किए थे और हमेशा मारपीट गाली-गलौज शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने से मैं दुखी होकर आत्मग्लानि से कीटनाशक दवा का सेवन कर ली हूं. इधर, जगदीशपुर अस्पताल से रायपुर रेफर करने के बाद एक निजी अस्पताल में मीना को भर्ती कराया गया उसके साथ में उसका भाई एवं उसकी मां रात भर रुके थे. सुबह मीना की मां को उसका भाई अपने घर कुम्हारी छोड़ने के लिए रायपुर से वापस आ रहे थे और बसना के पास पहुंचे थे तभी उसके पति नरेश पटेल ने मीना के भाई मोदप्रसाद को फोन पर बताया कि मीना बहुत ज्यादा सीरियस हो गई है वापस आ जाओ,
http://मिथुन के बेटे के खिलाफ रेप का केस दर्ज, पत्नी पर धमकाने का आरोप
उसके कुछ देर बाद में रिश्तेदार दिनेश पटेल को मीना के भाई मोद प्रसाद ने फोन कर मीना के स्वास्थ्य के बारे में पूछा तो दिनेश पटेल ने बताया कि मीना उर्फ नेहा की मृत्यु हो चुकी है. मीना पटेल के पिता खीरसाय पटेल ने मृतका मीना पटेल को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप उसके सास, ससुर और पति पर लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है जिसमें अभी तक किसी प्रकार कार्रवाई संबंधित जानकारी मृतका के परिजनों को नहीं दी गई है. जिससे क्षुब्ध होकर के मृतका के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक महासमुंद से भी मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई है जहां एसपी महासमुंद द्वारा मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।.मृतका के पिता एवं परिजनों का कहना है कि इस मामले में जल्दी ठोस कार्रवाई नहीं होगी तो हम उच्च अधिकारियों से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग करेंगे.







