बागबाहरा. बिना अनुमति घूमने के आरोप में लोगों से नगर पालिका प्रशासन रुपए वसूल कर रहा है जिससे नागरिकों में आक्रोश पनप रहा है. लॉकडाउन के दौरान बहुत जरूरी होने पर ही लोग घरों से निकल रहे हैं. मसलन दवा लेने या अस्पताल दिखाने आ-जा रहे हैं अथवा आवश्यक होने पर ग्रामीण शहर आ रहे हैं ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जा रहा है. अर्थदंड के रुप में ऐसे लोगों से पालिका 100 रुपए वसूल कर रसीद दे रही है. वहीं आवश्यक वस्तुओं की दुकानों तथा बैकों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने पालिका प्रशासन का कोई ध्यान नहीं जा रहा है.
http://सूरजपुर में मिले 3 और कोरोना पॉजिटिव, अब 7 एक्टिव केस
जानकारी के मुताबिक नगर पालिका मीडियाकर्मियों से भी 100 रुपए बिना अनुमति निकलने के आरोप में अर्थदंड वसूली कर रही है. ज्ञात हो कि नगरवासी एवं ग्रामीण अभी तक पूरी ईमानदारी से प्रशासन का पूरा सहयोग करते हुए नियमों का पालन करते आ रहे हैं बावजूद जरूरी कार्यों से निकलने वालों से अर्थदंड वसूली से ऐसा लगता है कि पालिका नागरिकों की सहनशीलता का परीक्षा ले रही है. मुख्य नगर पालिका अधिकारी अमरनाथ दुबे ने पूछने पर स्वीकार किया कि शाम 6 बजे के बाद अनावश्यक घूमने वालों से एसडीएम की अनुमति से सौ-सौ रुपए अर्थदंड वसूल किया जा रहा है. लोगों को बार-बार समझाइश दी जा रही पर लोग समझ नहीं रहे हैं.







