रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज शाम आम जनता के नाम अपने संदेश में कहा है कि कोरोना वायरस से बचाव और इसके फैलाव को रोकने के लिए 21 दिन के लॉक डाउन के दौरान राज्य में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. साथ ही कलेक्टरों को कालाबाजारी पर कड़ाई से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं. लॉक डाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी न रहे इसके पूरे प्रबंध किए गए हैं और मैं व्यक्तिगत तौर पर पूरे प्रदेश से इसकी रिपोर्ट ले रहा हूं. मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ स्थानों पर लॉक डाउन के संकट का लाभ उठाकर कुछ व्यापारियों ने आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ा दिए हैं और कुछ लोग कालाबाजारी में लग गए हैं. यह अत्यंत ही आपत्तिजनक है. व्यापारी भाईयों से निवेदन है कि वे अनुचित लाभ न उठाएं और सेवा भाव से लोगों को दैनंदिनी आवश्यकता वाली वस्तुओं की आपूर्ति करें. हम किसी कीमत पर कालाबाजारी नहीं होने देंगे.
http://जिले से भेजे गए कोरोना जांच के सातों नमूने निकले निगेटिव
उन्होंने बताया कि सभी कलेक्टरों को निर्देश जारी किए गए हैं कि कालाबाजारियों से कड़ाई से निपटनें और आम जनता को सही दामों पर वस्तुओं को उपलब्ध कराने की व्यवस्था करें. कुछ व्यापारी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन बहुत अच्छे से कर रहे हैं. अपनी दुकान के सामने दूरी बनाए रखने के लिए निशान लगा रखे हैं. इसका अनुसरण दूसरे व्यापरियों को भी करना चाहिए. कलेक्टरों को यह भी निर्देश दिए गए है कि आवश्यक वस्तुओं, सब्जी, फल आदि के परिवहन की व्यवस्था में कोई बाधा नहीं आए. जो लोग साग-भाजी, फल आदि के काम से जा रहे हैं, उन्हें नहीं रोका जाए. साग-भाजी और फल की सभी को आवश्यकता है इसकी आपूर्ति बनी रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी फसल कटाई का समय है, इसमें यथासंभव मशीनों से कटाई को कहा गया हैं, जितने मजदूर भाई-बहन है उनसे आग्रह है कि वे काम के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें दूर-दूर रहकर काम करें और सावधानी बरतें. उन्होंने कहा कि तरबूज की फसल आसपास की नदियों में खराब होने की कगार पर है. किसानों को ऐसी फसलों को शहर में लाने देने और उसको बेचने की माकूल व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं.
http://बाहर से आए लोगों की अंगुलियों पर लग रही है स्याही, घर के बाहर पाए गए तो दर्ज होगी FIR







