महासमुंद. बागबाहरा विकासखण्ड के ग्राम गांजर के मजदूर परिवार के 26 वर्षीय सूरज के उपचार का पूरा खर्च जैन संघटना उठाएगा. विगत 6 माह पूर्व ग्राम मुनगासेर के समीप सड़क दुर्घटना में सूरज के दाहिने पैर में घुटने के उपर गंभीर चोट आई थी. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा से प्राथमिक उपचार पश्चात उन्हे मेकाहारा रायपुर रेफर किया गया था. जहां उनके पैर का आपरेशन कर करीब 12 दिन तक इलाज हेतु भर्ती रखने के बाद छुट्टी दे दी गई थी. कुछ दिन बाद सूरज के पैर में मवाद भरना शुरू हुआ तो तुरंत रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका पुन: ऑपरेशन किया गया. ऑपरेशन पश्चात कुछ दिन बाद उन्हे छुट्टी दे दी गई पर घर आने के कुछ दिन बाद पैर में फिर मवाद भरना शुरू हुआ. जांच कराने गया तो डॉक्टरों ने दूसरा ऑपरेशन किया पश्चात इलाज जारी रहा पर अब तक सूरज का पैर ठीक नहीं हो पाया. उनके पैर में मवाद भर रहा है. सूरज के घर में कुल नौ सदस्य हैं. मां बुधयारिन बाई (60), सूरज की पत्नी अनिता (24), बेटी नेहा (2), पुत्र एनकुमार (1), सूरज के बड़े भाई लकेश्वर (28), भाभी सुहद्रा (25) और 3 साल और दो साल की बेटी है.
http://सीएएफ जवान ने साथियों पर की फायरिंग, एक की मौत, 2 गंभीर
लकेश्वर अपने परिवार सहित मजदूरी करने उत्तरप्रदेश गया है. सूरज की मां तथा उनकी पत्नी और बच्चे गांव में ही हैं. सूरज की मां और पत्नी अनिता मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण और सूरज का इलाज करा रहे हैं. गांजर क्षेत्र के जनपद सदस्य प्रत्याशी पारस सांखला ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान उनकी मां बुधयारिन ने मदद की गुहार लगाते हुए बताया कि मैं भूमिहिन मजदूर हूं और सूरज का इलाज कराते-कराते त्रस्त हो गई हूँ. इलाज कराने मेरे पास कुछ नहीं है. मैं अपना मकान बेचना चाहती हूं पर कोई खरीददार नहीं है. इलाज के अभाव में सूरज का पैर खराब होते जा रहा है यदि सही इलाज नहीं होगा तो अपाहिज बनने की नौबत आ रही है. मुझे सरकारी सहायता भी नहीं मिल पा रही है. पारस सांखला ने बताया कि उन्होने भरोसा दिलाया है कि चुनाव पश्चात सूरज का अच्छे अस्पताल में इलाज कराएंगे. चुनाव आचार संहिता के कारण तत्काल मदद कर पाना संभव नहीं है. इलाज का पूरा खर्च जैन संघटना द्वारा वहन किया जाएगा. पारस सांखला ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मेकाहारा तथा निजी अस्पताल के द्वारा इलाज में की गई लापरवाही की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर गरीब मजदूर सूरज के परिवार को मुआवजा दिलाई जाए.
http://अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या







