रायपुर. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर में 12 से 14 जनवरी तक आयोजित राज्य युवा महोत्सव में युवाओं के जोश, उत्साह और उनकी मांग को देखते हर साल युवा महोत्सव के आयोजन की घोषणा की. यह आयोजन हर वर्ष स्वामी विवेकानंद जी के जन्म दिन के अवसर पर 12 से 14 जनवरी तक होगा. मुख्यमंत्री ने युवा महोत्सव में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पांच-पांच सौ रुपए देने की भी घोषणा की. मुख्यमंत्री बघेल आज राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में तीन दिनों तक चले राज्य युवा महोत्सव के समापन समारोह को मुख्य अतिथि के आसंदी से सम्बोधित कर रहे थे. मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि मेरी इच्छा थी कि तीनों दिन आपके कार्यक्रम को देखूं. आपके साथ खेलकर अपने बचपन को याद करूं, लेकिन स्वास्थ्य ने साथ नहीं दिया.
http://फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर शिक्षाकर्मी की नौकरी कर रहे भाई-बहन गिरफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लोगों के बीच में भाईचारा है. हम कोई भी गांव, जिले में रहें, हमारा जो संबंध है,जो भाईचारा और एकता है, वह मजबूती के साथ बना रहे. इसी उद्देश्य से इस युवा महोत्सव का आयोजन किया गया. बघेल ने कहा कि हमारे नौजवानों के चेहरों पर खुशी दिख रही है. उनमें प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. सवाल अवसर का है, उत्साह का है और वह अवसर उपलब्ध कराने का काम छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किया गया. समापन समारोह की अध्यक्षता कर रहे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती से शानदार युवा महोत्सव का आयोजन किया गया. तीन दिनों तक 7000 से अधिक युवाओं ने अपने खेल, कला-संस्कृति का प्रदर्शन किया. कहीं से किसी प्रकार की शिकायत नहीं मिली. इसके लिए व्यवस्थाओं से जुड़े सभी बधाई के पात्र हैं.







