रायपुर. रायपुर. प्रदेश में खेल विभाग ने छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की कार्ययोजना बना ली है. 6 अक्टूबर से पारंपरिक खेलों के आयोजन की शुरुआत होगी, जिसका समापन 6 जनवरी को होगा. छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2022-23 में 14 प्रकार के पारंपरिक खेलों को शामिल किया गया है. इसमें दलीय श्रेणी गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बांटी (कंचा) जैसी खेल विधाएं शामिल हैं. वहीं एकल श्रेणी की खेल विधा में बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़ एवं लम्बी कूद शामिल हैं.
https://विधानसभा में मोबाइल पर गेम खेल रहे थे विधायक, वीडियो वायरल
गांव से राज्य तक 6 स्तर पर होगा आयोजन
छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में छह स्तर निर्धारित किए गए हैं. इन स्तरों के अनुसार ही खेल प्रतियोगिता के चरण होंगे. इसमें गांव में सबसे पहला स्तर राजीव युवा मितान क्लब का होगा. वहीं दूसरा स्तर जोन है, जिसमें 8 राजीव युवा मितान क्लब को मिलाकर एक क्लब होगा. फिर विकासखंड, नगरीय क्लस्टर स्तर, जिला, संभाग और अंतिम में राज्य स्तर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी.
कब-कब होंगे आयोजन
छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में सबसे पहले राजीव युवा मितान क्लब स्तर के आयोजन 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2022 तक होंगे. वहीं जोन स्तर के आयोजन 15 अक्टूबर से 20 अक्टूबर 2022 तक खेले जाएंगे. विकासखंड स्तर पर खेल 27 अक्टूबर से 10 नवम्बर तक आयोजित किए जाएंगे. जिला स्तर पर 17 नवम्बर से 26 नवम्बर तक प्रतियोगिताएं होंगी. संभाग स्तर पर आयोजन 5 दिसम्बर से 14 दिसम्बर के बीच होगा. वहीं राज्य स्तर पर छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का अंतिम चरण 28 दिसम्बर 2022 से 6 जनवरी 2023 तक खेला जाएगा.
https://Realme GT Neo 3T भारत में लॉन्च, 64MP कैमरा और 80W चार्जिंग
बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक ले सकेंगे हिस्सा
छत्तीसगढ़िया ओलम्पिक में आयु वर्ग को तीन वर्गों में बांटा गया है. इसमें प्रथम वर्ग 18 वर्ष की आयु तक, फिर 18-40 वर्ष आयु सीमा तक, वहीं तीसरा वर्ग 40 वर्ष से अधिक उम्र के लिए है. इस प्रतियोगिता में महिला एवं पुरुष दोनों वर्ग में प्रतिभागी होंगे.







