रायगढ़. शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे रायगढ़ विधायक पुत्र और उनके साथियों ने ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट की. इतना ही नहीं थाने में भी जाकर आरक्षक के साथ भी मारपीट की. पुलिस ने इस मामले में विधायक पुत्र एवं उनके दोस्तों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है. जानकारी के अनुसार पूरी घटना कोतरा रोड थाने से महज कुछ कदम की दूरी पर स्थित गजानंद पुरम के पास की है. मामले में पीड़ित ड्राइवर मुलायम यादव ने बताया कि वह विशाखापट्टनम से बेलपहाड़ माल खाली कर कोतरा रोड थाने के पास पार्किंग के लिए जा रहा था. रात का करीब एक बजा था, तब वह चार पांच लोग आए. गाड़ी पर पत्थरबाजी करने लगे. सब तरफ से घेरकर पत्थर मार रहे थे. गाड़ी का सामने का शीशा टूट गया.
बाद दौड़कर हम थाने पहुंचे. वे लोग वहां भी पहुंच गए और थाने में घुसकर पुलिस वालों के साथ भी मारपीट किए. इस मामले में बताया जा रहा है कि विधायक पुत्र एवं उसके साथियों के द्वारा कोतरा थाना में रात भर जमकर बवाल किया गया. एक आरक्षक एलएस राठिया को भी बुरी तरीके से पीटा गया. जिससे उसके चेहरे और होंठ पर चोट आई है. उसका चेहरा सूज गया. होठ फट गया है. पुलिस ने इस मामले में आरक्षक की शिकायत पर विधायक पुत्र और अन्य के खिलाफ आईपीसी की धारा 294, 506, 353, 294, 332, 186, 34 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है. इसके साथ ही पीड़ित ड्राइवर मुलायम सिंह यादव की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने विधायक पुत्र एवं अन्य के खिलाफ 294-IPC, 323-IPC, 34-IPC, 341-IPC, 427-IPC, 506-IPC के तहत अपराध दर्ज किया है.







