बिलासपुर. शहर कांग्रेस कमेटी ने अनुशासनहीनता के आरोप में अपने ही विधायक शैलेष पांडेय को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने का प्रस्ताव पारित कर दिया. बता दें कि टीएस सिंहदेव के समर्थक पंकज सिंह पर एफआईआर होने के बाद यह नया विवाद खड़ा हुआ है. पंकज सिंह पर मामला दर्ज होने के खिलाफ विधायक पांडेय अपने समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे थे. वहां समर्थकों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी. इसी दौरान मीडिया से विधायक शैलेष पांडेय ने कहा था कि वह और पंकज स्वास्थ्य मंत्री के समर्थक हैं इसलिए उनके खिलाफ मामला दर्ज किए जा रहे हैं. पांडेय के इस बयान को और कोतवाली जाकर हंगामा करने को शहर कांग्रेस कमेटी ने अनुशासनहीनता माना.
गुरुवार को कमेटी की बैठक में उपाध्यक्ष रामकुमार तिवारी एक प्रस्ताव लाए कि विधायक को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया जाना चाहिए. कमेटी ने इसे पारित कर दिया. शहर अध्यक्ष प्रमोद नायक ने कहा कि कोतवाली में विधायक के समर्थकों ने मुख्यमंत्री जिंदाबाद, मुर्दाबाद जैसे नारे भी लगाए. हम सब कांग्रेसी हैं और यहां कोई गुटबाजी नहीं है. फिर भी विधायक ने कई बार बयान दिया कि जो टीएस समर्थक हैं, उनके खिलाफ ऐसा हो रहा है. यह गैर जिम्मेदाराना है, इसलिए हम उन्हें निष्कासित करने का प्रस्ताव ला रहे हैं. इस प्रस्ताव को प्रदेश कांग्रेस कमेटी भेजा जाएगा.
https://नाबालिग से महीनों तक 29 लोगों ने किया गैंगरेप, 26 गिरफ्तार







