महासमुंद. आबकारी विभाग की खुली छूट से इन दिनों दलदली रोड स्थित शराब दुकान में लूट मची हुई है. शासन द्वारा निर्धारित दर से 10-20 रुपए अधिक दर पर शराब बेची जा रही है. लोगों का कहना है कि ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है. यहां काउंटर पर बैठे कर्मचारी शासन का हवाला देते हुए दमदारी के साथ ग्राहकों से 10-20 रुपए की अतिरिक्त अवैध वसूली करते हैं. जानकारी के अनुसार मुख्यालय स्थित दलदली रोड पर संचालित अंग्रेजी और देशी शराब दुकानों में निर्धारित कीमत से भी अधिक दर पर शराब बेची जा रही है. बताया जाता है कि ग्राहकों के विरोध करने पर कर्मचारी दादागिरी पर उतारू हो जाते हैं. सबसे अधिक बिकने वाला अंग्रेजी गोवा व्हिस्की जिसकी कीमत शासन द्वारा 120 रुपए निर्धारित है, उसका यहां 130 रुपए वसूला जा रहा है.
http://गिल ने हवा में उड़कर लपका बेहतरीन कैच, लोगों ने कहा- ‘सुपरमैन’
देशी मसाला जिसकी कीमत 90 रुपए तय है, उसका 100 रुपए लिया जा रहा है. इसी तरह बियर का 220 के बजाए 240 रुपए लिया जा रहा है. अगर कोई ग्राहक अतिरिक्त रुपए देने से इंकार किया तो शराब देने से ही मना कर दिया जाता है और ग्राहक को भगा दिया जाता है. कई बार तो अधिक रुपए वसूली के विरोध में विवाद हो चुका है. ऐसा नहीं है कि, दलदली रोड शराब दुकान में अधिक कीमत वसूली की शिकायत आबकारी विभाग के अफसरों के कानों तक नहीं पहुंची हो, लेकिन अफसरों को कोई फर्क नहीं पड़ता. बताया जाता है कि इन शराब दुकानों का संचालन जिस शख्स द्वारा किया जा रहा है, वह सत्तासीन मठाधीश का खासमखास बना हुआ है. इसके चलते कर्मचारी भी पूरी दबंगई से 10-20 रुपए की अवैध वसूली करते हैं.







