पिथौरा. बार नवापारा अभ्यारण के कोठारी वन परिक्षेत्र अंतर्गत भालू के हमले से एक युवक घायल हो गया. घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल भेजा गया. इधर, वन विभाग ने घायल के परिजनों को उपचार हेतु 5 हजार रुपए की तात्कालिक सहायता प्रदान की है. जानकारी के अनुसार बुधवार की प्रातः करीब 11 बजे समीप के ग्राम पाड़ादाह निवासी युवक संजीव कुमार नागवंशी पिता चमन नागवंशी (42) अपने घर से मात्र 300 मीटर दूर लकड़ी लेने गया था. इस दौरान अचानक पहुंचे एक विशालकाय भालू ने हमला कर दिया. जिससे युवक के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई है. घटना की जानकारी मिलते ही आनन-फानन में परिजनों द्वारा गंभीर युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बार ले जाया गया.
जहाँ बार के डॉक्टर ने घाव गहरा होने के कारण प्राथमिक उपचार कर कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उच्च उपचार हेतु भेज दिया. पर बताया जाता है कि परिजन युवक को कसडोल के सीएचसी में सम्पूर्ण इलाज न मिलने के कारण युवक का उपचार कसडोल के एक निजी अस्पताल में करवा रहे हैं, जहाँ गंभीर युवक को देर शाम तक डॉक्टरों ने जांच कर इलाज प्रारंभ कर दिया था. फिलहाल वनमंडल बलौदाबाजार अंतर्गत 2 दिनों के भीतर यह दूसरी घटना है. उल्लेखनीय है कि इस दौरान जानकारी मिलने के बाद बार वन परिक्षेत्र के अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बार पहुँचे थे. जहाँ बार के अधिकारियों ने सम्पूर्ण इलाज होने के बाद बिल प्रस्तुत करने के पश्चात भुगतान हो जाने की बात कही. लेकिन पीड़ित के परिजनों को तत्कालीन मदद नहीं की गई.
http://राजकीय एवं निजी विश्वविद्यालयों की सभी परीक्षाएं होंगी ऑनलाइन
कसडोल एसडीओ की मदद
घायल संजीव के परिजनों के अनुसार बार के किसी भी अधिकारी ने उक्त मामले में उनकी तात्कालिक सहायता से इनकार कर दिया था. बाद कुछ पत्रकारों की सूचना पर कसडोल के वन एसडीओ विनोद सिंह ठाकुर ने तत्कालिक सहायता के रूप में प्रभावित परिवार को 5 हजार रुपए प्रदान किए. इस बात की पुष्टि के लिए बार में पदस्थ एसडीओ एवं रेंजर से सम्पर्क का प्रयास किया गया पर सभी का मोबाइल नेटवर्क से बाहर होने के कारण चर्चा नहीं हो पाई.
गर्मी में अक्सर गांवों तक पहुंचते हैं वन्यप्राणी
ज्ञात हो कि प्रतिवर्ष गर्मी बढ़ने के साथ ही वन्य प्राणियों को जंगल में पानी एवं खाना आसानी से नहीं मिल पाता जिसकी तलाश में वे अक्सर भटकते हुए गांवों की ओर आ जाते हैं. लिहाजा इस मौसम में वन्यप्राणियों के हमले की घटनाओं में वृद्धि हो जाती है.
http://माशिमं की 10वीं की परीक्षाएं निरस्त, 12वीं की स्थगित







