पिथौरा/कसडोल. बलौदाबाजार वनमंडल के वन परिक्षेत्र लवन के ग्राम खैरा (ब) में मंगलवार को हाथियों ने दंपत्ति को पटक-पटक कर मार डाला. मृतकों में डेरहाराम पिता मदन राम पटेल (55) एवं रानी बाई पति डेरहाराम (52) शामिल हैं. ग्रामीण सूत्रों के अनुसार ग्राम खैरा निवासी डेरहाराम अपनी पत्नी रानी बाई के साथ सुबह 9 बजे गांव के नजदीक जंगल में महुआ बीनने गए थे. इस दौरान अचानक दो हाथी उनके समीप ही पहुंच गए. जिन्हें देखकर उक्त दम्पत्ति भागने लगे पर हाथी भी आक्रोशित होकर उनके पीछे भागे और अंततः उन्हें कुचलकर मार डाला. घटना की जानकारी तब हुई जब जंगल गए अन्य ग्रामीणों को दोपहर बाद उक्त दम्पत्ति के कुचले शव दिखाई दिए. घटना की जानकारी पूरे क्षेत्र में जंगल में आग की तरह फैल गई जिससे गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया.
http://शराब के नशे में गाली-गलौज करने पर भाभी और भतीजे ने की थी हत्या, गिरफ्तार
हाथी अलर्ट भी नहीं
इधर, ग्रामीणों ने वन विभाग पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा है कि क्षेत्र में अक्सर हाथियों का आना-जाना होता रहता है पर वन विभाग को अब ग्रामीणों की चिंता नहीं है लिहाजा अब हाथी के क्षेत्र में होने का अलर्ट भी जारी नहीं किया जाता जिससे ग्रामीण बेख़ौफ़ अपने कृषि कार्य एवं वनोपज संग्रहण कार्य में जंगल चले जाते हैं और अकस्मात हिंसक प्राणियों की चपेट में आकर अपनी जान गंवा देते हैं. कल की घटना भी वन विभाग द्वारा अलर्ट जारी नहीं करने के कारण ही होने की बात ग्रामीण कर रहे हैं.
ज्ञात हो कि उक्त क्षेत्र में हाथियों का आवागमन लगातार लगा रहता है. हाथियों की आमद से वन अमला भी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है. हाथियों से ग्रामीणों को बचाने मिले गजराज वाहन भी कार्यालय में खड़े-खड़े धूल खा रहा है. गजराज वाहन के नाम पर सिर्फ बिल लगाकर राशि डकारने का काम किया जा रहा है. ग्रामवासियों एवं कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव देखन ध्रुव ने इस दुर्घटना से वन परिक्षेत्र अधिकारी को निलंबित करने की मांग की है एवं मृतकों के परिजनों को तत्काल मुआवजा देने की मांग की है.
http://साहू समाज ने कोविड सेंटर के लिए प्रदाय किया सेनेटाइजर शावर मशीन और ऑक्सीजन सिलेंडर
वन अधिकारी पहुंचे
घटना की सूचना के बाद वन मण्डलाधिकारी बलौदाबाजार एवं वन संरक्षक रायपुर मृतकों के घर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे. रेंजर एन के सिन्हा ने बताया कि अधिकारियों ने मृतक परिवार से मुलाकात कर तात्कालिक सहायता 20-20 हजार रुपए प्रदान की है. शेष मुआवजा राशि 6-6 लाख रुपए का भुगतान भी शीघ्र ही कर दिया जाएगा.







