रायगढ़. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय जशपुर से रायपुर जाने के दौरान अल्प समय के लिए रायगढ़ में रुके, वहीं भाजपा पदाधिकारियों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस द्वारा राम मंदिर निर्माण के लिए किए जा रहे चंदे का हिसाब मांगे जाने पर पलटवार करते हुए कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह किया जा रहा है, इसके लिए समिति बनी हुई है, इसका पूरा हिसाब रहेगा. साय ने कहा कि श्री राम को काल्पनिक बताने वाले और अब ढोंग करने वालों को हिसाब मांगने का कोई अधिकार नहीं है. इन्हें समझ मे आ गया है कि छतीसगढ़ में बिना राम के पार पाना मुश्किल है. लिहाजा अब रामभक्ति का ढोंग रच रहे है. मैं इनसे निवेदन करता हूं की हिन्दू होने के नाते ये भी धन संग्रह में सहयोग करें.
http://संकुल समन्वयक के साथ मारपीट, कलेक्टर ने सहायक शिक्षक को किया निलंबित
वहीं कांग्रेस के राजभवन घेराव के मामले में विष्णुदेव साय ने कहा कि कांग्रेस अपनी खामियों का ठीकरा मोदीजी व केंद्र सरकार पर फोड़ रही है. छत्तीसगढ़ में कुछ भी गलत होता है तो उसे मोदीजी या केंद्र सरकार पर मढ़ दिया जाता है. वहीं धान खरीदी को लेकर उन्होंने कहा कि खरीदी में किसानों को काफी समस्या उठानी पड़ रही है, खरीदी का समय बढ़ाया जाना चाहिए. साय ने कहा कि इस सरकार में किसी भी वर्ग का काम नही हो पा रहा है. सरकार हर मोर्चे पर फेल है. हर वर्ग सड़क पर उतर कर आंदोलन कर रहा है. वहीं कवासी लखमा के बयान के विषय पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यही संस्कृति है उसे ये कैसे छोड़ सकते हैं. इस दौरान प्रदेश कार्य समिति सदस्य गुरूपाल भल्ला, श्रीकांत सोमवार, सुभाष पाण्डेय, आलोक सिंह, पवन शर्मा, रतींद्र राय आदि उपस्थित रहे.







