रायपुर. वरिष्ठ पत्रकार और देशबंधु पत्र समूह के प्रधान संपादक ललित सुरजन का 74 साल की उम्र में बुधवार रात निधन हो गया. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ करने के निर्देश प्रशासन को दिए हैं. मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि ललित सुरजन जी के निधन की सूचना ने स्तब्ध कर दिया है. आज छत्तीसगढ़ ने अपना एक सपूत खो दिया. सांप्रदायिकता और कूपमंडूकता के खिलाफ देशबंधु के माध्यम से जो लौ मायाराम सुरजन जी ने जलाई थी, उसे ललित भैया ने बखूबी आगे बढ़ाया.
http://सीएम का पीएम को पत्र, छत्तीसगढ़ को प्राथमिकता के आधार पर निःशुल्क कोविड-19 का टीका उपलब्ध कराएं
पूरी जिंदगी उन्होंने मूल्यों को लेकर कोई समझौता नहीं किया. मैं ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को संबल देने की प्रार्थना करता हूं. ललित भैया को मैं छात्र जीवन से ही जानता था और राजनीति में आने के बाद समय-समय पर मार्गदर्शन लेता रहता था. वे राजनीति पर पैनी नजर रखते थे और लोकतंत्र में उनकी गहरी आस्था थी. नेहरू जी के प्रति उनकी अगाध श्रद्धा मुझे बहुत प्रेरित करती थी. उनके नेतृत्व में देशबंधु ने दर्जनों ऐसे पत्रकार दिए हैं, जिन पर छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश दोनों को गर्व हो सकता है.
http://तीन खाद्य अधिकारी, सात सहायक खाद्य अधिकारी और 54 निरीक्षकों का स्थानांतरण







