रजिंदर खनूजा
पिथौरा. पड़ोस के बलौदाबाजार जिले के वन परिक्षेत्र अर्जुनी अंतर्गत बिलाड़ी में क्षेत्रीय विधायक चन्द्रदेव राय ने लेमन ग्रास ऑयल संयंत्र का उद्घाटन किया. ज्ञात हो कि अर्जुनी में पदस्थ रेंजर एवं एसडीओ द्वारा लगातार इस क्षेत्र के वन अपराधों पर पहले कड़ाई से रोक लगाई उसके बाद अब ग्रामीणों को वन से ही रोजगार उपलब्ध कराने विभिन्न प्रयास किए हैं. जिसे अब अमलीजामा पहनाया जा रहा है. अर्जुनी परिक्षेत्र के निवासियों के लिए लगातार रोजगारमूलक कार्य किए जाने से अब क्षेत्र के ग्रामीणों में जंगल काटने की भावना समाप्त होती जा रही है. अब ग्रामीण वहां पदस्थ वन अफसरों के निर्देश एवं सहयोग से लेमन ग्रास की खेती कर रहे हैं. लेमन ग्रास का तेल निकालने के लिए बाकायदा क्षेत्र में संयंत्र स्थापित कर उसके मार्केटिंग की व्यवस्था करवाने भी दोनों अफसर जुटे हैं.
http://IPL 2020 : MI ने DC को 57 रनों से हराया, फाइनल में पहुंची
प्रदेश के लिए एक आदर्श बन कर उभरा अर्जुनी वन परिक्षेत्र
अर्जुनी वन परिक्षेत्र पूरे प्रदेश के लिए एक आदर्श बन कर उभरा है. एक समय यह क्षेत्र वनों की कटाई, शिकार एवं वन भूमि पर अतिक्रमण का गढ़ माना जाता था पर रेंजर टीआर वर्मा एवं एसडीओ उदय सिंह ठाकुर के यहां पदस्थापना के बाद इस परिक्षेत्र का भाग्य बदलने लगा. पहले शिकारियों की लगातार धर पकड़, अवैध जंगल काटने वालों पर कठोर कार्रवाई एवं बांस पिका का व्यवसाय करने वालों पर रोक सहित वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करवाने की कार्रवाई के बाद अब ग्रामीण पुनः वन अपराधों की ओर ध्यान न दें उसके लिए रोजगारमूलक कुछ कार्य भी कराए गए. जिनमें ऑइल स्पेलर मशीन, एवं ग्राम मकोनी में ग्रामीणों के रोजगार हेतु दोना पत्तल मशीन लगवा कर ग्रामीणों को रोजगार देने का प्रयास किया गया.
बाद ग्राम के अधिकांश ग्रामीणों की खेती किसानी में उत्सुकता देखते हुए प्रथम चरण में ग्रामीणों को उत्साहित कर करीब 25 एकड़ क्षेत्र में लेमन ग्रास की खेती करवाई गई. अब इस लेमन ग्रास से तेल निकालने के लिए लेमनग्रास तेल अशवन संयंत्र हेतु शासन को प्रस्ताव भेजा गया था जिसे शासन द्वारा स्वीकृत किया गया और इस सप्ताह उसका उद्घाटन भी क्षेत्रीय विधायक एवं संसदीय सचिव चन्द्रदेव राय से करवाया गया. इनके अलावा अब क्षेत्र के ग्रामों में सरकार के एवं ग्रामीणों की मंशानुसार गौशाला का निर्माण भी पूर्णता की ओर है जिसका लोकार्पण भी शीघ्र हो जाएगा. गौशाला बनने से दूध एवं दूध से बनने वाली सामग्रियों से ग्रामीण अपनी आय में वृद्धि कर सकते हैं. रेंजर श्री वर्मा एवं एसडीओ श्री ठाकुर ने बताया कि पेराई से प्राप्त खली का उपयोग वृक्षारोपण एवं विभिन्न ग्रामों के तलाबों में डाले गए मछलियों को फीड के रूप में उपयोग होगा.
इसी तरह वर्ष 2020-21 में नरुवा विकास योजना अंतर्गत कराए जाने वाले लम्बर नाला अर्जुनी का लोकार्पण भी श्री राय ने किया. जिससे विभिन्न निर्माण कार्यों से ग्रामीणों को रोजगार मिलेगा. साथ ही वाटर लेबल में वृद्धि तथा मृदा क्षरण में कमी आएगी. तेन्दूपता संग्राहक परिवार के मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्र/छात्राओं को प्रोत्साहन राशि का चेक वितरण पश्चात जलवायु परिवर्तन योजना अंतर्गत ग्राम महकोनी में दोना पत्तल केन्द्र का लोकार्पण किया गया. जिसका संचालन स्व-सहायता समूह द्वारा किया जाएगा जिससे उनके आर्थिक विकास सुदृढ़ होगी. इसी प्रकार पशुपालन हेतु शेड निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया गया. जिसका संचालन ग्रामीणों द्वारा किया जाएगा. जिससे उनके आर्थिक विकास में वृद्धि होगी.
वन अपराध रोकने प्रयास : वर्मा
अर्जुनी वन परिक्षेत्र में पदस्थ रहे रेंजर टीआर वर्मा ने बताया कि क्षेत्र के ग्रामीण अपने थोड़े से लाभ के लिए वनों एवं वन्य प्राणियों को काफी नुकसान पहुंचा रहे थे. ग्रामीणों से चर्चा करने पर उन्हें पता चला कि अधिकांश मामलो में ग्रामीण बेरोजगारी एवं धन कमाने के उद्देश्य से वन अपराध करते थे लिहाजा उन्हें सही रास्ते पर लाने के लिए क्षेत्र के एसडीओ उदय सिंह ठाकुर के सहयोग से ग्रामीणों को वनोपज आधारित रोजगार देने की योजना बनाई गई. अब उक्त कार्यों के प्रारम्भ होने से वन अपराधों में खासी कमी आयी है. जो कि वन अपराध कम करने के लिए अच्छे संकेत हैं.







