पिथौरा. स्थानीय पुलिस ने महुआ शराब के साथ तीन आरोपियों पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की है. अवैध शराब पर कार्रवाई करने गए पुलिस बल का विरोध करने के कारण शासकीय कार्य में हस्तक्षेप का मामला भी आरोपियों पर दर्ज किया गया है. जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम एसडीओपी पुपलेश पात्रे के निर्देश पर मुखबिर की सूचना के अनुसार प्रशिक्षु थाना प्रभारी अपूर्वा सिंह क्षत्रिय दल बल के साथ सोनासिल्ली ग्राम के डीपापारा निवासी रेशम लाल जांगड़े एवं उसके साथियों के यहां दबिश दी. पुलिस को देखते ही रेशम लाल जांगड़े पिता सुकाल दास एवं तीन व्यक्ति 10 लीटर वाली सफेद रंग की अलग-अलग जरिकेन पकड़कर सड़क किनारे-किनारे दुरूगपाली की ओर जा रहे थे. सभी पुलिस गाड़ी को देखकर भागने लगे जिन्हे पुलिस बल ने दौड़ाकर पकड़ा.
http://हिना खान की इन तस्वीरों से नहीं हटेगी आपकी नजर
पकड़े गए तीनों व्यक्तियों ने अपना नाम सोनासिल्ली निवासी रेशम लाल जांगड़े पिता सुकाल दास जांगड़े (29), समारू सेन पिता गणेश्वर सेन (30), जयसिंह ध्रुव पिता द्वारिका ध्रुव (26) बताया. जिनके कब्जें में मिली तीन अलग-अलग सफेद रंग की 10 लीटर वाली जरिकेन में भरी हुई महुआ निर्मित शराब मिली. सभी आरोपियों से 10 लीटर वाली जरिकेनों में भरी हुई कुल 30 लीटर महुआ शराब जब्त कर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई. इधर शराब जब्ती की कार्रवाई के बाद जब आरोपियों को थाना लाया जाना था. तब आरोपी पुलिस से बदसलूकी करते हुए पुलिस वाहन में बैठने से मना करने लगे. जिस पर थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस बल ने आरोपियों को बलपूर्वक पुलिस वाहन में बैठाकर थाना लाकर कार्रवाई की. पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी डीएसपी अपूर्वा सिंह के नैतृत्व में आरक्षक दुदेश साहू, परमेश्वर प्रजापति, जुनैद खान, महिला सैनिक उषा सोनी, टेकराम साहू का योगदान रहा.







