महासमुंद/भंवरपुर. राजकीय शोक में भी कांग्रेस विधायक राजनीति चमकाने से परहेज़ नहीं कर रहे हैं. पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी के विगत दिनों निधन के बाद छत्तीसगढ़ में 7 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की गई है. गौरतलब है कि राजकीय शोक के दौरान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा आधा झुका रहता है इतना ही नहीं, सार्वजनिक समारोह, उत्सव आदि का आयोजन भी नहीं किया जा सकता लेकिन सत्ता के नशे में चूर होकर सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में तमाम नियम कायदे को ताक पर रखकर राजकीय शोक के दौरान ही यहां के प्रमुख निर्वाचित जनप्रतिनिधि बाजे-गाजे के साथ अपना स्वागत कराने से नहीं चूकते हैं.
दरअसल, सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के छुईपाली अंचल में कुछ लोगों का कांग्रेस प्रवेश का कार्यक्रम आयोजित किया गया. जाहिर-सी बात है लोगों के कांग्रेस प्रवेश से पार्टी के नेताओं ने अति उत्साह में राजकीय शोक को भी भुलाकर उत्सव-से माहौल में बाजे-गाजे के साथ कार्यक्रम भी आयोजित किया. राजकीय शोक के दौरान जब नेता अपनी मर्यादा भूल जाएं तब आम जनता कैसे नियम कायदों का पालन कर पाएगी, यह बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. लोग अब पूछने लगे हैं कि क्या नियम कायदे सिर्फ आम जनता के लिए ही होते हैं? लेकिन शासन उनका है लिहाजा, खुलकर विरोध कर कोई मुसीबत मोल नहीं लेना चाहते.
विदित रहे, पूर्व राष्ट्रपति डॉ. प्रणव मुखर्जी (दिवंगत) जाहिर तौर पर महामहिम राष्ट्रपति बनने के पूर्व तक कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ प्रमुख नेताओं में से एक नेता रहे जिन्होंने कांग्रेस के लिए अपना जीवन खपा दिया, लेकिन उनके निधन के बाद कांग्रेस पार्टी से ताल्लुकात रखने वाले जनप्रतिनिधि ही जब मर्यादा भूल जाएं तब इसे क्या कहेंगे? छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की ही सरकार है नतीजतन अधिकारी-कर्मचारी भी आंखें मूंदने में ही अपनी भलाई समझते हैं.
http://ट्रक की टक्कर से बस सवार 7 की मौत, परिजनों को 2-2 लाख की आर्थिक सहायता का ऐलान
विधायक कोरोना पॉज़ीटिव
कथित कांग्रेस प्रवेश कार्यक्रम के बाद सरायपाली विधायक की कोरोना रिपोर्ट पॉज़ीटिव निकली, इसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया के माध्यम से दी. जानकारी के अनुसार बुखार के बाद कोविड-19 जांच उन्होंने कराई जिसके बाद रिपोर्ट पॉज़ीटिव निकली. इसके बाद से उनके साथ रहने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा उन लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है जिन्होंने उनके साथ विभिन्न कार्यक्रमों में उपस्थिति दी थी. विश्वस्त सूत्रों के अनुसार सरायपाली विधायक को गुरुवार शाम जिला सहकारी बैंक भंवरपुर में देखा गया था.
ऐसे में सैकड़ों लोग उनके सम्पर्क में आए होंगे. चूंकि विधायक की कोरोना रिपोर्ट पॉज़ीटिव आने के बाद उनके सम्पर्क में आने वाले उन सैकड़ों लोगों को भी एहतियात के तौर पर होम क्वारंटाइन होकर अपनी कोरोना जांच करानी चाहिए. एक तरफ राजकीय शोक, दूसरी तरफ कोरोना को लेकर सावधानी बरतने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अपील के बीच विधायक का उक्त कार्यक्रम चर्चा में हैं. उधर, इन तमाम बातों को लेकर सरायपाली भाजपा ने भी कलेक्टर महासमुंद के नाम सरायपाली एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है.
http://1176 किमी स्कूटी चला गर्भवती पत्नी को परीक्षा दिलवाने लेकर पहुंचा पति
कांग्रेस प्रवेश पर कांग्रेस में ही आरोप-प्रत्यारोप
पिछले कुछ दिनों से विधायक की कार्यशैली से नाराज़ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जगह-जगह बैठक और बगावत के जवाब में विधायक ने कांग्रेस प्रवेश कराने का कार्यक्रम शुरू कर दिया है. विधायक के करीबी लोगों द्वारा कहा गया कि कांग्रेस प्रवेश करने वाले भाजपा कार्यकर्ता हैं. उधर, भाजपा मंडल अध्यक्ष ने इसका खंडन कर दिया. एक कांग्रेसी ने नाम उल्लेख न करने की शर्त पर बताया कि कांग्रेस संगठन के लोग भी कांग्रेस प्रवेश पर सवाल उठा रहे हैं.







